दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, पति और सास सलाखों के पीछे, अन्य आरोपियों की तलाश तेज

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Newly married woman, husband and mother-in-law IMAGE CREDIT TO POLICE

बिजनौर (शिखर समाचार) कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, नामजद ससुर, जेठ, देवर सहित छह अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सपनों की शादी बनी दुःख की दास्तान: अतिरिक्त दहेज की मांग से पीड़ित सारिका

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-a-tenant-couple-murdered-their-landlady-deepshikha-in-ghaziabad-and-chopped-her-body-into-pieces-40076691.html

प्राप्त जानकारी के अनुसार धामपुर क्षेत्र के ग्राम अलादीनपुर भटपुरा निवासी संजीव कुमार ने अपनी पुत्री सारिका का विवाह एक मई 2025 को कोतवाली देहात क्षेत्र के मौथेपुर कीरत गांव निवासी विशाल के साथ किया था। विवाह में सामर्थ्य से अधिक दान-दहेज दिया गया, लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर सारिका को प्रताड़ित किया जाने लगा।

बताया गया कि 15 मई को ससुराल पक्ष ने सारिका की मौत की सूचना उसके मायके वालों को दी। सूचना मिलते ही मृतका के पिता मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बेटी के शव पर संदिग्ध चोटों के निशान देखे। अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दहेज प्रताड़ना से भरी शादी पर कड़ी कार्रवाई: पति और सास गिरफ्तार

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/municipal-commissioner-inspects-itms-building/

मृतका के पिता की तहरीर पर पति विशाल, ससुर मेष पाल, सास कुंतेश, जेठ सचिन व अंशु, जेठानी नीतू व चंद्रावती तथा देवर हिमांशु के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति विशाल और सास कुंतेश को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली देहात पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना तेजी से की जा रही है और शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment