नववर्ष 2026 पर कांग्रेस की मासिक बैठक, 2027 के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Monthly meeting of Congress on New Year 2026, calling for strengthening the organization for 2027 IMAGE CREDIT TO CONGRESS

गाजियाबाद (शिखर समाचार) जिला कांग्रेस कमेटी के सेंट्रल मार्केट स्थित पुराने बस अड्डे के कार्यालय में नववर्ष 2026 के अवसर पर मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में देशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन अश्विन त्यागी के द्वारा किया गया।

कांग्रेस की मासिक बैठक में नववर्ष की शुरुआत, विदित चौधरी रहे मुख्य अतिथि

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/bullets-fired-while-riding-in-thar-in-ghaziabad-136847921.html

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं सदस्य विदित चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और शहर अध्यक्षों ने अपना परिचय दिया तथा एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मासिक बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई।

जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहराने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और सभी मोर्चा प्रमुखों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। पंचायत चुनाव को संगठन के लिए एक परीक्षा बताते हुए उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों को जिताकर 2027 की मजबूत नींव रखनी होगी। इसके लिए चारों ब्लॉकों में बैठकें और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें वे स्वयं भाग लेंगे। पदयात्रा की शुरुआत 5 जनवरी 2026 से मुरादनगर ब्लॉक से होगी।

विदित चौधरी का संदेश: एकजुट होकर पार्टी को गांव-शहर स्तर तक मजबूत करें

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/chiranjeev-vihar-community-building/

राष्ट्रीय सचिव विदित चौधरी ने कहा कि जब नेतृत्व कार्यकर्ता के सुख दुख में उसके साथ खड़ा रहता है, तो कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ पार्टी के लिए काम करता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में उच्च साक्षरता के कारण जनता हर पांच वर्ष में सरकार बदलने का साहस रखती है, जबकि उत्तर प्रदेश में कम साक्षरता का लाभ उठाकर जनता को झूठे वादों और जुमलों में उलझाया जाता है। विपक्षी दल समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की नीति अपनाते हैं, जिससे जनता को पांच वर्षों तक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ता है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से एकजुट होकर गांव, कस्बे, शहर और वार्ड स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों सरकारें मिलकर जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही हैं। नए वर्ष की शुरुआत में रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ी गई है। उन्होंने गाजियाबाद में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों द्वारा भय का माहौल बनाने के आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता को सुविधाओं के नाम पर करों और बिजली दरों में बढ़ोतरी की जा रही है, जबकि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसी, संगठन पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, विधि प्रकोष्ठ, व्यापार प्रकोष्ठ सहित विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a comment