गाजियाबाद (शिखर समाचार)। लोगों को ठगने के लिए टप्पेबाज नए-नए तरीके के हथकंडे अपनाते है, जिससे भोले भाले लोगों को ठगा जा सके। ऐसा ही एक मामला थाना मोदीनगर क्षेत्र के कस्बा रोड पर हुआ। जहां दो टप्पेबाजों ने बुजुर्ग महिला कमलेश देवी को भगवान के दर्शन करने के नाम पर ठगने का प्रयास किया। महिला अपने निजी कार्य से बाजार पहुंची थी, तभी वहां मौजूद अमजद और राधे श्याम ने महिला को रोका।टप्पेबाजों ने भगवान के दर्शन करने का आश्वासन देकर महिला के कान के कुंडल उतरवा लिया। टप्पेबाजों ने महिला से कहा कि भगवान तुम्हें जब ही दर्शन देंगे, जब तुम अपने कान के कुंडल उतारोगी। महिला को दोनों पर शक हुआ और उसने शोर मचा दिया। महिला का शोर सुनकर मौके पर भिड़ एकत्रित हो गई और लोगों ने दोनों टप्पेबाजों को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों टप्पेबाजों अमजद और राधे श्याम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
