——-वाणिज्यिक गैस सिलेंडर आपूर्ति को पारदर्शी बनाने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जनपद में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में अधिकारियों और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन और समस्याओं की समीक्षा
बैठक में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की समीक्षा के दौरान इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्रों में अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) न मिलने के कारण कई स्थानों पर पीएनजी कनेक्शन नहीं हो पा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित प्राधिकरणों को पत्र भेजकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही जहां एजेंसियों को कार्य में दिक्कत आ रही है, वहां पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
गैस आपूर्ति में पारदर्शिता और निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी और सुचारु बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी तहसीलों में उपजिलाधिकारी (न्यायिक) को प्रभारी बनाया गया है, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि गैस की कालाबाजारी न हो और वितरण निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए।
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि उपजिलाधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में बाट माप, खाद्य एवं रसद विभाग तथा तेल कंपनियों की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इन अभियानों के माध्यम से एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।
वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए सुविधा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
स्मृति गौतम ने जानकारी दी कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं और संस्थाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार लगभग 70 प्रतिशत तक सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं को पिछले वित्तीय वर्ष में उपयोग किए गए सिलेंडरों का विवरण तथा पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन का प्रमाण संबंधित गैस कंपनी को भेजना होगा। यह सुविधा केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मिलेगी जिन्होंने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन किया है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
