ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभागार में मंगलवार को ध्यान और योग पर केंद्रित विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के सहयोग से किया गया, जिसमें प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य कार्यस्थल पर मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और शारीरिक संतुलन को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी अर्चना द्विवेदी सहित विभिन्न अनुभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने ध्यान योग की सरल विधियों का अभ्यास किया और दैनिक जीवन में इसके लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की प्रतिनिधि नीता चतुर्वेदी और सुरेश कुमार शर्मा ने ध्यान योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान से तनाव में कमी आती है, कार्यक्षमता बढ़ती है और मन तथा शरीर दोनों स्वस्थ रहते हैं। सुरेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि 21 दिसंबर को विश्व ध्यान योग दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर विश्व गुरु श्रीश्री रविशंकर द्वारा ध्यान योग के विषय में विशेष संदेश और मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने और ध्यान योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
