मुरादनगर (शिखर समाचार) नगर के मुख्य मार्ग पर विजय मंडी गेट के सामने स्थित गणपति हाईटेक डिस्ट्रीब्यूटर्स इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम शनिवार शाम अचानक आग की भयंकर लपटों में घिर गया। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी गिरफ्त में ले लिया और भीतर रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। चारों ओर धुआं और लपटें फैलते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
शाम की अफरातफरी: इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम लगभग पांच बजे जितेंद्र कुमार के स्वामित्व वाले शोरूम में अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और पूरी दुकान लपटों में समा गई। शोरूम में रखे टीवी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह से जल गए। बाहर खड़ी तीन से चार बाइक और एक स्कूटर भी आग की जद में आकर राख हो गए।
आग लगते ही आसपास के लोगों ने बाल्टियों, पाइपों और टंकियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन मौके पर पहुंचने में लगभग पैंतालीस मिनट का समय लग गया। तब तक लोगों ने काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया था, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था।
रावली रोड फायर ब्रिगेड पर उठे सवाल: समय पर न पहुंचने से बड़ा नुकसान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/add-cp-ips-keshav-kumar-chaudhary-briefed-abs-college-students/
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के रावली रोड स्थित मंडी परिसर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी स्थायी रूप से तैनात रहती है, मगर किसी भी आपात स्थिति में उसका मौके पर नहीं पहुंचना अब आम बात बन चुकी है। यदि वाहन समय पर पहुंच जाता तो इस बड़े नुकसान से बचा जा सकता था।
निवासियों ने यह भी बताया कि मुरादनगर औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहां आग बुझाने की समुचित व्यवस्था नहीं है। अग्निशमन कार्यालय मोदीनगर निवाड़ी रोड पर होने के कारण सहायता देर से मिलती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में कम से कम दो दमकल वाहन स्थायी रूप से तैनात किए जाएं ताकि आपात स्थितियों में तुरंत कार्रवाई हो सके।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि शोरूम में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का सामान जल गया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है और वे फायर ब्रिगेड व्यवस्था को लेकर नगर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
