हापुड़ (शिखर समाचार) पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। गिरफ्तारी के दौरान हथकड़ी लगे एक युवक ने थाने के गेट पर खड़े होकर न सिर्फ वीडियो बनवाया बल्कि उसे रील के रूप में फेसबुक पर भी चढ़ा दिया। वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही हड़कंप मच गया और पुलिस महकमे में सवालों की झड़ी लग गई।
हथकड़ी पहने आरोपी की वायरल वीडियो ने पुलिस की साख पर उठाए सवाल
जानकारी के मुताबिक यह मामला कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है। उस वक्त एक केस में पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने थाने लाया था। इसी दौरान हथकड़ी पहने एक युवक ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में थाने के गेट के पास खड़े होकर रील बनवा ली। वीडियो में आरोपी हथकड़ी दिखाते हुए ठहाके लगाता और दोस्तों संग मजाक करता दिखाई देता है। बाद में इस रील को इंटरनेट मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो पल भर में वायरल हो गई।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे कि आखिर थाने के भीतर ऐसा माहौल कैसे बन गया जहां आरोपी हथकड़ी में भी रील शूट करने में सफल हो गया। लोगों में चर्चा है कि जब थाने जैसे सुरक्षित दायरे में आरोपी कैमरे के सामने एक्टिंग कर सकता है तो पुलिस की सख्ती पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।
कोतवाली प्रभारी का मामला पुराना बताते हुए पुनः जांच शुरू करने का आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/health-and-safety-training-conducted/
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि वीडियो पुराना है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ उस समय मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा चुकी थी। लेकिन अब जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, इसकी जांच दोबारा शुरू कर दी गई है।
इस प्रकरण ने जहां पुलिस की छवि को कटघरे में ला खड़ा किया है, वहीं यह भी साफ हो गया है कि इंटरनेट की दुनिया में कोई भी चूक पलक झपकते ही चर्चा का विषय बन जाती है।
