आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
मधुबन बापू धाम योजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने एक अहम पहल की है। योजना से जुड़े मुद्दों को लेकर किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं और विस्तृत मांग पत्र सौंपा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई, जिसमें किसानों और प्राधिकरण के बीच सकारात्मक संवाद देखने को मिला।

किसानों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोध में किसी भी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न नहीं करेंगे और आपसी सहमति व सहयोग के साथ समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी भरोसा दिलाया कि मधुबन बापू धाम योजना के क्रियान्वयन में किसानों की ओर से पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं के परीक्षण और समाधान के लिए एक समिति के गठन की घोषणा की। यह समिति प्राधिकरण सचिव राजेश कुमार की अध्यक्षता में गठित की गई है, जो किसानों द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर विस्तार से विचार कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह समयबद्ध तरीके से अपना अभिमत दे, ताकि समस्याओं का शीघ्र और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्राधिकरण की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा की जाएगी और विकास कार्य पारदर्शिता, संवाद और समन्वय के साथ आगे बढ़ाए जाएंगे। इस पहल को किसानों और प्राधिकरण के बीच विश्वास बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे मधुबन बापू धाम योजना को गति मिलने की उम्मीद है।
