जीडीए का बड़ा एक्शन : अवैध निर्माणों पर गरजा प्राधिकरण का डंडा, वेयरहाउस समेत कई इमारतें सील

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Major action by GDA: Authority cracks down on illegal constructions, several buildings including warehouses sealed IMAGE CREDIT TO AUTHORITY

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के तहत प्रवर्तन जोन 01 की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ कई बड़े अवैध निर्माणों को पूरी तरह सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन पुलिस और प्राधिकरण की टीम ने अपनी मुस्तैदी से सभी कार्य पूरे किए।

स्कार्ड लाइन वेयरहाउस और बड़े शेड पर कार्रवाई

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/loni/news/ghaziabad-minor-student-rape-accused-arrested-ajmer-trip-137391861.html

प्रभारी प्रवर्तन जोन 1 की टीम सबसे पहले ग्राम ढरगल, वरदान रोड पहुंची। यहां खसरा संख्या 129 पर दीपक अग्रवाल द्वारा लगभग 600 वर्ग मीटर में बनाए गए वेयरहाउस को सील किया गया। इसके साथ ही हेमंत द्वारा निर्मित स्कार्ड लाइन वेयरहाउस पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

राजनगर एक्सटेंशन स्थित हितेशी हाइट के सामने भट्टा नं0 05 रोड (सिकरोड) पर चौधरी भरत सिंह और अन्य द्वारा लगभग 3000 वर्ग मीटर में किए जा रहे अवैध निर्माण को भी रोका गया। वहीं, प्रणय गुप्ता द्वारा बाल जगत स्कूल के सामने लगभग 2000 वर्गमीटर में बनाए गए पुराने शेड को भी सील कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक इन सभी निर्माणकर्ताओं को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन शमन (कंपाउंडिंग) न कराने के कारण विभाग को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।

विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी रही

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/

सीलिंग के दौरान मौके पर भारी हंगामा देखने को मिला। स्थानीय निर्माणकर्ता और उनके समर्थक टीम का रास्ता रोकने और काम बाधित करने का प्रयास कर रहे थे।

हालांकि प्राधिकरण के पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और सफलतापूर्वक सीलिंग प्रक्रिया पूरी की।

बिना स्वीकृति के निर्माण पर चेतावनी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/

मौके पर मौजूद सहायक अभियंता (प्रवर्तन जोन 1) ने जनता को चेतावनी दी कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। भविष्य में भी प्राधिकरण का यह अभियान निरंतर चलता रहेगा।

इस पूरी कार्रवाई में प्रवर्तन जोन 1 के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सभी सुपरवाइजर, मेट और भारी संख्या में स्थानीय व प्राधिकरण पुलिस बल तैनात रहे।

Share This Article
Leave a comment