हापुड़ (शिखर समाचार) पिलखुवा थाना क्षेत्र में व्यापारी के मुनीम से हुई 85 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे इस कांड के सातवें आरोपी को पुलिस ने केरल राज्य के कोच्चि नगर से गिरफ्तार कर रविवार को हापुड़ लाकर जेल भेज दिया। आरोपी के पास से लूट की गई रकम में से दस हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
85 लाख की लूट में शिकंजा कसता जा रहा है: बरामदगी के बाद भी तीन आरोपी फरार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस लूटकांड में कुल 85 लाख रुपये की नकदी छीनी गई थी। इससे पूर्व पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 62 लाख रुपये की रकम बरामद कर चुकी है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अब भी इस वारदात में शामिल तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी रिफाकत, निवासी नालू खुर्द, जिला अमरोहा है। उसे केरल के एर्नाकुलम क्षेत्र में स्थित एक होटल से पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन रिफाकत अपने साथी ललित के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था। दोनों ने व्यापारी के मुनीम अजयपाल को हथियार दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था और मौके से फरार हो गए थे।
अपराध की लंबी फेहरिस्त: रिफाकत पर दर्ज 18 गंभीर मामले
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/new-executive-formed-in-the-elections/
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रिफाकत एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ गुजरात राज्य समेत अमरोहा, बिजनौर और मुरादाबाद जिलों के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी, हत्या के प्रयास और गिरोहबंदी कानून के अंतर्गत करीब अठारह मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों को भी शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा और लूटी गई पूरी रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।
