बिजनौर (शिखर समाचार) नगर पालिका परिषद बिजनौर परिसर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया। केरल के तिरुवनंतपुरम से जुड़े इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत देशभर के एक लाख से अधिक लाभार्थियों को ऋण सुविधा से जुड़े कार्ड वितरण की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर सभागार में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पालिका कर्मचारी और योजना से जुड़े लाभार्थी मौजूद रहे तथा उन्होंने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
स्वनिधि से स्वावलंबन: 25 छोटे कारोबारियों को मिला सम्मान और नई उड़ान
सजीव प्रसारण समाप्त होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत चयनित 25 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह योजना छोटे कारोबारियों, ठेला-रेहड़ी लगाने वालों और फुटपाथ पर आजीविका चलाने वाले लोगों के लिए संबल बनकर सामने आई है। उन्होंने बताया कि आर्थिक सहायता मिलने से अब ये लोग सम्मान और आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जब नगर के छोटे व्यवसायी सशक्त होंगे, तभी बिजनौर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा और नगर के विकास से प्रदेश व देश के विकास को भी मजबूती मिलेगी।
नगर पालिका परिसर में जुटे जनप्रतिनिधि और अधिकारी, स्वनिधि योजना को बताया जनकल्याण की मजबूत कड़ी
नगर पालिका परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने किया। कार्यक्रम में पालिका प्रशासन के विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. बीरबल सिंह, कर अधीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, सुंदर लाल, ऋषिपाल, सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी तथा जलकल विभाग के अभियंता गौरव शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को गरीब और मध्यम वर्ग के लिए लाभकारी बताते हुए इसकी सराहना की।
