भूमि पूजन के साथ खुर्जा मार्ग चौड़ीकरण की शुरुआत, जेवर खादर मार्ग भी होगा विस्तृत

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Khurja road widening begins with Bhoomi Pujan, Jewar Khadar road will also be widened IMAGE CREDIT TO REPORTER

जेवर/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) जेवर खुर्जा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ गुरुवार को भूमि पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर कस्बे के एक वैवाहिक स्थल में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां विधायक धीरेन्द्र सिंह ने विधिवत रूप से निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। यह मार्ग अब दस मीटर चौड़ा दो लेन का बनाया जाएगा, जिससे जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को खुर्जा, मेरठ, हापुड़ और बुलंदशहर जैसे क्षेत्रों से बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।

साढ़े 15 किलोमीटर खुर्जा मार्ग का कायाकल्प: आर्थिक विकास और शिल्प उद्योग को मिलेगी नई उड़ान

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

बताया गया कि इस परियोजना पर लगभग चालीस करोड़ रुपये की लागत आएगी और खुर्जा मार्ग का करीब साढ़े पंद्रह किलोमीटर लंबा हिस्सा नए स्वरूप में विकसित होगा। मार्ग के चौड़ीकरण से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। विशेष रूप से खुर्जा की प्रसिद्ध मृत्तिका शिल्प उद्योग को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर क्षेत्र लंबे समय तक उपेक्षित रहा, लेकिन केंद्र और प्रदेश में वर्तमान सरकार के गठन के बाद यहां अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का शुभारंभ होने जा रहा है, जिससे जेवर का नाम देश ही नहीं, बल्कि विश्व पटल पर भी स्थापित होगा। उन्होंने विकास कार्यों के लिए अपनी भूमि देने वाले किसानों के योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए उनका आभार भी प्रकट किया।

सड़क से खेल तक: विकास की नई पहलें, खुर्जा क्षेत्र में हर आयु के लिए अवसर बढ़ेंगे

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/a-male-elephant-died-a-mysterious-death/

विधायक ने आगे बताया कि तहसील से प्रज्ञान विद्यालय होते हुए जेवर खादर को जाने वाले मार्ग का भी शीघ्र ही चौड़ीकरण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त कस्बे के जनता इंटर कॉलेज में एक ऐसी सुविधा विकसित की जाएगी, जहां महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे अवकाश के समय घूमने और खेलने का आनंद ले सकेंगे। वहीं जैन इंटर कॉलेज में एक आधुनिक खेल मैदान तैयार कराया जाएगा। गांव भवोकरा में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बने खेल मैदान को सत्रह जनवरी से आमजन के लिए खोलने की घोषणा भी की गई।

उन्होंने युवाओं से खेल और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया और बताया कि थोरा बंकापुर के पास आश्रम पद्धति का एक विद्यालय भी निर्माणाधीन है, जहां छात्रावास की सुविधा के साथ निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी पहाड़िया, संजीव शर्मा, मोनू गर्ग, नीरज गोयल, बॉबी शर्मा, वेद प्रकाश, सतपाल तालान, अल्पसंख्यक मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य मौलाना हबीब हैदर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहें।

Share This Article
Leave a comment