गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना कौशांबी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में स्नैचिंग करने वाले 2 अभियुक्त आकाश और ऋतिक को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने इन दोनों को मेट्रो स्टेशन के पास गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन दोनों की निशानदेही पर चोरी की 1 मोटर साइकिल व स्नैचिंग किए 5 मोबाइल बरामद किए।
गिरफ्तारी की घटना और जांच
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बीती 9 मार्च 2026 को थाना कौशांबी पर अमर आनंद ने मोबाइल स्नेचिंग का मुकदमा लिखवाया था। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान 2 संदिग्ध मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाई दिए। जब उनसे पूछताछ की गई तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल उन्होंने दिल्ली से चोरी की थी और इसी मोटरसाइकिल से दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे।
अपराधी इतिहास और पूछताछ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/focus-on-security-and-environmental-balance/
एसीपी ने बताया कि इनके ऊपर 4 अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और इनके अन्य अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में राहगिरों को चिन्हित करते हुए उनके साथ स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते थे। स्नैचिंग की वारदात करने के बाद माल को बेचकर अपने शौक पूरा करते थे। चोरी के माल को बेचने के लिए वह झुग्गी-झोपड़ी व राह चलते लोगों को चुना करते थे।
