गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना कौशांबी पुलिस ने चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अभियुक्त मोहम्मद सरवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी निशानदेही पर 2 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि यशोदा हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड पर कौशांबी पुलिस चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, जब उसकी बाइक की जांच की गई तो पता चला कि यह बाइक चोरी की है। वाहन चालक की पहचान मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है, जो भोवापुर की झुग्गियों में रहता है। जब उससे सख़्ती से पूछताछ की गई तो उसने एक मोटरसाइकिल भोवापुर के पास खंडार बिल्डिंग से बरामद करवाई। उन्होंने बताया कि यह दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी करता है और इसके खिलाफ दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में 13 मुक़दमे विभिन्न धाराओं में दर्ज है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त मोहम्मद सरवर ने बताया कि वह भोवापुर की झुग्गियों में रहता है और दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेता है। उसके पास से बरामद दोनों मोटरसाइकिल उसने दिल्ली से चोरी की थी। मोटरसाइकिल को चोरी करने के बाद वह सस्ते दामों में अनजान लोगों को बेच देता था और मोटरसाइकिल बेचकर कमाए गए पैसों से अपने शौक पूरे करता था।
