कैराना पुलिस ने दबोचा हथियार तस्कर, भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Kairana police have arrested an arms smuggler and recovered a large quantity of illegal weapons. IMAGE CREDIT TO POLICE

——-एसपी ने पुलिस लाइन में किया खुलासा, मध्यप्रदेश से होती थी सप्लाई

शामली (शिखर समाचार)। कैराना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दस अवैध पिस्टल, पांच तमंचे, कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। बरामद हथियारों की सप्लाई मध्यप्रदेश से की जा रही थी।
मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जनपद में अवैध हथियारों की बरामदगी और तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कैराना पुलिस को यह सफलता मिली।
गिरफ्तार तस्कर ने अपना नाम शोएब पुत्र महताब निवासी गांव तितरवाड़ा थाना कैराना बताया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अवैध पिस्टल और तमंचे खरीदने के लिए अकरम नामक व्यक्ति से व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से संपर्क करता था। अकरम उससे मध्यप्रदेश के बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर मिलता था और बैग में रखकर हथियार सौंप देता था। इसके बदले वह नकद भुगतान करता था।
तस्कर ने बताया कि वह इन हथियारों को बाइक के जरिए कादिर पुत्र आबिद निवासी गांव तितरवाड़ा को सप्लाई करने जा रहा था। कादिर इन हथियारों को अपने पास रखकर आगे सप्लाई करता था। उसने पहले भी कई बार पिस्टल और तमंचे लाकर कादिर को दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ट्रेन के माध्यम से लाई जाती थी हथियारों की खेप

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/rera-resolution-day-organized-in-ghaziabad-135727360.html

एसपी ने बताया कि पुलिस चेकिंग से बचने के लिए हथियारों को ट्रेन के माध्यम से शामली लाया जाता था। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य इन हथियारों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अपराधियों तक पहुंचाते थे।
उन्होंने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसमें कई स्थानीय व बाहरी सदस्य शामिल हैं। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को चिन्हित कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियारों की यह खेप किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तो नहीं मंगाई गई थी।

Share This Article
Leave a comment