गाजियाबाद (शिखर समाचार) साहिबाबाद आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट गाजियाबाद की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के अंतर्गत ‘परिवर्तन क्लब’ द्वारा 26 जनवरी 2026 को साहिबाबाद क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों के साथ 77वें गणतंत्र दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीजीडीएम (2025–27 बैच) के छात्रों ने बच्चों के साथ मिलकर देशभक्ति और संविधान के मूल्यों को साझा किया।
छात्रों ने खेल-खेल में बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम और नागरिक अधिकारों से परिचित कराया
कार्यक्रम में छात्र अजितेश, अभय, वंश, प्रज्ञा, एकता, प्रियांशु और अभिषेक ने बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों के बारे में सरल और रोचक तरीके से जानकारी दी, ताकि बच्चे देश के इतिहास और बलिदानों से परिचित हो सकें। इसके साथ ही बच्चों की स्मरण शक्ति और सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न मेमोरी गेम्स का आयोजन किया गया। छात्रों ने भारतीय नागरिकों के मूलभूत अधिकारों पर भी बच्चों को जागरूक किया।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बच्चों के लिए कला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कई बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कविताएँ सुनाईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खुशियों और प्रेरणा का समापन, छात्रों के सामाजिक प्रयासों की सराहना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/public-hearing-organized-under-chairmanship/
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को मोतीचूर के लड्डू और नमकीन मट्ठी वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती दिखाई दी।
आईटीएस के चेयरमैन डॉ आर.पी. चड्ढा तथा वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने छात्रों द्वारा जरूरतमंद बच्चों के लिए किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक डॉ अजय कुमार ने भी इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए छात्रों के कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. आशुतोष शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया। ‘परिवर्तन क्लब’ की यह पहल समाज के प्रति छात्रों की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है।
