गाजियाबाद (शिखर समाचार)। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के चल रहे कार्यों का शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निरीक्षण किया। निरीक्षण में उनके साथ मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी उपस्थित रहे, जिनके साथ रोड रेस्टोरेशन के कार्य को भी निरिक्षण किया गया। इसके अलावा 82 रोड साइड यूनिट उपकरण का भी निरीक्षण किया गया और शेष बचे हुए कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए कार्यदाई संस्था एफकौन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर राजीव भारद्वाज को निर्देश दिए गए।
नया ट्रैफिक सिस्टम: नगर आयुक्त ने की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा
नगर आयुक्त ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की तैयार हो चुकी बिल्डिंग का निरीक्षण किया, जिसमें उपकरणों को इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से चल रहा था। 210 इंच की बड़ी स्क्रीन ग्राउंड फ्लोर तथा फर्स्ट फ्लोर पर लगाने की तैयारी चल रही है, जिसके माध्यम से नवंबर माह में शहर की यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जाएगी। 20 से अधिक लगे कंप्यूटर के माध्यम से कैमरे को जोड़ा जाएगा, जिसको तेजी से करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम गाजियाबाद के लोगों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध होगा। इससे क्राइम के ग्राफ को कम करने में आसानी मिलेगी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को भी इसे ओर अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
