ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। जन-स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए जिलाधिकारी ने आज कलेक्ट्रेट के सभागार में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, जागरूकता और लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं के वैक्सीनेशन अभियान को लेकर एक विस्तृत बैठक आहूत की। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेसलाल, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, महिला उन्नति संस्था से डॉ. राहुल और इन्दू गोयल, ब्यूटीफुल टुमारो संस्था से डॉ. मधु गुप्ता सहित अनेक विभागीय अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने दिया निर्देश: 9 से 15 वर्ष की बालिकाओं का वैक्सीनेशन समय पर हो सुनिश्चित, जागरूकता पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 09 से 15 वर्ष की बालिकाओं का निर्धारित समय पर वैक्सीनेशन सुनिश्चित करना अनिवार्य है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावकों व बालिकाओं तक सही जानकारी पहुंच सके और लक्ष्य समय पर प्राप्त हो।
विद्यालयों में पीटीएम के ज़रिए जागरूकता बढ़ाएं: जिलाधिकारी, वैक्सीनेशन को बताया भविष्य सुरक्षा का मिशन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/government-schemes-metro-college/
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि विद्यालयों में पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) के माध्यम से माता-पिता को इस अभियान की आवश्यकता व महत्व से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ी को एक गंभीर बीमारी से बचाने का सशक्त प्रयास है, जिसे मिशन मोड में पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाना चाहिए।

