धामपुर में आरएसएस जिला कार्यवाह और जन सेवा केंद्र संचालक के घर बदमाशों का हमला, फायरिंग कर लाखों की लूट, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
In Dhampur, miscreants attack the house of an RSS district functionary and Jan Seva Kendra operator; fire shots and loot valuables worth lakhs. One criminal injured in an encounter IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

बिजनौर (शिखर समाचार)। जनपद के धामपुर में शनिवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब बेखौफ बदमाशों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह विपिन कुमार और जन सेवा केंद्र संचालक अमित शर्मा के घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी करते हुए लाखों रुपये का सामान लूट लिया और फरार होने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया, जो बाद में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।

तड़के घर पर धावा, अंधाधुंध फायरिंग से मची दहशत

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/loni/news/ghaziabad-minor-student-rape-accused-arrested-ajmer-trip-137391861.html

घटना पुराना धामपुर स्थित विपिन कुमार के आवास की है। इसी मकान के ऊपरी हिस्से में जन सेवा केंद्र संचालक अमित शर्मा रहते हैं। शनिवार सुबह करीब चार बजे बदमाश वहां पहुंचे और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। इस दौरान पुलिस ने शोएब अहमद नाम के एक बदमाश को पकड़ लिया, जो क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश, मुठभेड़ में घायल

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/

पुलिस क्षेत्राधिकारी धामपुर अभय कुमार पांडे ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शोएब अहमद को जब चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, उसी दौरान उसने मुख्य आरक्षी पंकज चौधरी की सरकारी पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर गोली चला दी, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें शोएब अहमद के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पैसों के विवाद को लेकर रंजिश की आशंका

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन दिन पहले शोएब अहमद का अमित शर्मा से पैसे निकालने को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते उसने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अमित शर्मा की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, कड़ी कार्रवाई की मांग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/social-felicitation-of-bjps-newly-appointed/

घटना की सूचना मिलते ही जिले के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल, क्षेत्रीय विधायक अशोक राणा, पूर्व मंत्री अशोक कटारिया और हिंदू वाहिनी के मंडल अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कानून व्यवस्था को लेकर रोष व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और इस मामले में निष्पक्ष तथा कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment