जेवर (शिखर समाचार) यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार को सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए और बड़ी संख्या में चालान किए गए। अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना रहा।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत: यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहन चालकों को दी गई सुरक्षित ड्राइविंग की जानकारी
यमुना एक्सप्रेस वे के वरिष्ठ टोल प्रबंधक जे के शर्मा ने बताया कि जनवरी माह को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है, जो एक जनवरी से इकतीस जनवरी तक चलेगा। इसी क्रम में सोमवार को टोल प्लाजा सहित एक्सप्रेस वे के विभिन्न हिस्सों पर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस के सहयोग से बिना सुरक्षा हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चालकों तथा वाहन चलाते समय लापरवाही बरतने वालों के चालान काटे गए। संबंधित चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि एक्सप्रेस वे पर दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सके और लोगों में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित हो सके।
