मेरठ (शिखर समाचार)
सिवालखास विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भूनी में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में संत महात्माओं के आशीर्वचन प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 1500 मातृशक्ति सहित 2000 से अधिक क्षेत्रीय सनातनों की उपस्थिति दर्ज की गई।
प्रमुख अतिथियों और वक्ताओं की मौजूदगी
सम्मेलन के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर भैया दास महाराज रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में इंद्रप्रस्थ पीठाधीश्वर जगत गुरु कृष्ण स्वरूप महाराज उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रजघाट पीठाधीश्वर स्वामी जलेश्वर आनंद गिरि महाराज और परशुराम धाम पीठाधीश्वर देवभूणि जो महाराज ने भी मंच की शोभा बढ़ाई।
मुख्य वक्ता के रूप में मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षमा शर्मा ने राष्ट्र, संस्कृति और युवा शक्ति पर अपने विचार रखे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक दीपक भाईसाहब ने संघ के सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से श्रोताओं को अवगत कराया।
संतों के संदेश और कार्यक्रम की विशेषताएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-municipal-corporation-will-spray/
संतों ने हिन्दू एकता, सांस्कृतिक जागरण और ‘पंच परिवर्तन’ के विषय पर विशेष चर्चा की। समाज को संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सनातन धर्म के गौरवशाली इतिहास और देश के महापुरुषों के योगदान का स्मरण कराते हुए वर्तमान पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रणबीर ठाकुर ने की, जबकि संचालन रोहित ने किया। सम्मेलन का आयोजन ऐसे समय में हुआ जब मेरठ की क्रांति भूमि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा सम्पन्न हुई थी। इसके बावजूद संतों के आशीर्वचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
आयोजक और स्थानीय सहभागिता
ALSO READ: https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
सकल हिंदू समिति सरूरपुर खुर्द के अध्यक्ष एवं भारतीय मतदाता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आदेश फौजी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले और क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित समाजसेवी कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
सम्मेलन के समापन पर संतों ने राष्ट्र, समाज और क्षेत्र की समृद्धि के लिए मंगलकामनाएं दीं और उपस्थित जनसमूह को एकजुट होकर धर्म और संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिलाया।
