हापुड़ (शिखर समाचार)
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला भगवती गंज में मंगलवार देर शाम राज्य वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग की विशेष अनुदान अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने फुटवियर कारोबार से जुड़ी दो दुकानों पर एक साथ कार्रवाई कर हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई श्री नाथ ट्रेडर्स और गुरु मेहर ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठानों पर की गई, जहां देर रात तक दस्तावेजों की गहन पड़ताल चलती रही।
कर चोरी की आशंका पर शिकायती कार्रवाई: जीएसटी शिकायत में फुटवियर फर्मों के खिलाफ जांच
जीएसटी विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोनों फर्में राज्य कर विभाग के खंड-दो में पंजीकृत हैं और फुटवियर की खरीद बिक्री का कार्य करती हैं। इन दुकानों के विरुद्ध आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पर बिलिंग से संबंधित गंभीर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप था कि ग्राहक से ऑनलाइन भुगतान लेने के बावजूद दुकानदारों द्वारा विधिवत कर बिल जारी नहीं किए जा रहे, जिससे कर चोरी की आशंका जताई गई।
शिकायत के संज्ञान में आते ही संयुक्त आयुक्त एसआईबी अजय प्रताप सिंह के निर्देशन में कार्रवाई के आदेश दिए गए। उनके मार्गदर्शन में उप आयुक्त विमल कुमार दुबे, सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला तथा सीटीओ सतीश तिवारी और आलोक राय के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जीएसटी जांच में कड़ी समीक्षा: बिक्री अभिलेख, स्टॉक और ऑनलाइन भुगतान का भौतिक सत्यापन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/registry-offices-will-remain-open-on-sundays/
कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानों में उपलब्ध खरीद बिक्री से जुड़े अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री बिल, कैश मेमो और ऑनलाइन भुगतान से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले। इसके साथ ही गोदाम और दुकानों में मौजूद माल का भौतिक सत्यापन भी किया गया। अधिकारियों ने यह भी परखा कि घोषित बिक्री के अनुरूप जीएसटी रिटर्न समय पर दाखिल किए गए हैं या नहीं, साथ ही ई-वे बिल और टैक्स इनवॉइस की प्रक्रिया का सही तरीके से पालन हो रहा है अथवा नहीं।
जीएसटी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कर चोरी या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्मों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कर की वसूली के साथ साथ अर्थदंड भी लगाया जा सकता है। एसआईबी टीम ने स्पष्ट किया कि फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है। सभी तथ्यों, दस्तावेजों और भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
