गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण पर कसी नकेल, प्रताप विहार और विवेकानंद नगर में सीलिंग की कार्रवाई

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Ghaziabad Development Authority cracks down on illegal constructions; sealing operations conducted in Pratap Vihar and Vivekanand Nagar IMAGE CREDIT TO GDA

गाजियाबाद (शिखर समाचार) शहर में अनाधिकृत निर्माण कार्यों पर रोक लगाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सख्ती दिखाते हुए मंगलवार को प्रताप विहार और विवेकानंद नगर में बड़े पैमाने पर सीलिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के स्पष्ट निर्देशों के बाद प्रवर्तन जोन-04 की टीम ने पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में अंजाम दी।

प्रताप विहार और विवेकानंद नगर में अवैध निर्माण जारी, प्राधिकरण के आदेशों की अनदेखी

ALSO READ:https://www.livehindustan.com/ncr/ghaziabad/story-severe-potholes-and-waterlogging-plague-hum-tum-road-in-ghaziabad-after-rain-201756829391815.html

प्रताप विहार सेक्टर-12 के भूखंड संख्या एल-82 पर पिंकी शर्मा द्वारा पहले से बने दूसरे तल की छत पर तीसरे तल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। प्राधिकरण की ओर से 18 जून को मामला दर्ज कर कारण बताओ नोटिस भेजा गया था और 29 जुलाई को कार्य रोकने का आदेश भी जारी किया गया था। इसके बावजूद नियमों को नजरअंदाज करते हुए निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया।

इसी तरह विवेकानंद नगर के भवन संख्या-527 में दिनेश नागर ने प्राधिकरण से आवंटित भवन को तोड़कर भूतल पर कमरे, डब्ल्यूसी और जीने का निर्माण कर छत डाल दी। इस मामले में भी जीडीए ने 29 जुलाई को कार्य रोकने का नोटिस जारी किया था और 11 अगस्त को अनुस्मारक पत्र भेजकर अंतिम अवसर दिया गया था। बावजूद इसके न तो निर्माणकर्ता खुद और न ही कोई अधिकृत प्रतिनिधि सुनवाई में हाजिर हुआ और न ही लिखित साक्ष्य प्रस्तुत किए।

गाजियाबाद में अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई: प्रवर्तन टीम ने दोनों स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई, अधिकारियों ने दी सख्त चेतावनी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/up-international-trade-show-2025/

निर्माण कार्यों को बंद न किए जाने पर प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को दोनों स्थानों पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-04 के अधिकारी-कर्मचारी और प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहे।

जीडीए अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के निर्माण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment