आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृति के फल फूल रहे काले कारोबार के खिलाफ बुधवार को निर्णायक कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन जोन 08 की टीम ने लोनी और करहेड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध वेयरहाउसों और व्यावसायिक निर्माणों को पूरी तरह सील कर दिया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ ने कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली।
बिना नक्शे के खड़े कर दिए थे वेयरहाउस
प्राधिकरण के प्रवर्तन जोन 08 के प्रभारी के नेतृत्व में चली इस मुहिम में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिना किसी तकनीकी स्वीकृति और मानचित्र पास कराए वेयरहाउसों का संचालन किया जा रहा था।
इन निर्माणों पर गिरा गाज
सीलिंग की कार्रवाई मुख्य रूप से निम्नलिखित स्थलों पर की गई:
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
करहेड़ा (खसरा सं. 3050) अशोक और मास इण्डस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित अवैध परिसर।
रामपार्क मेन (ई 1): मोनू सिंह, संजय चौहान, सुशील त्यागी और सतेन्द्र चौहान द्वारा बिना अनुमति निर्मित वेयरहाउस।
पुस्ता सर्विस रोड: निमित लोथरा, जितेन्द्र चौहान और अनिल द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को भी विभाग ने कब्जे में लेकर सील कर दिया।
हंगामे के बीच जारी रही कार्यवाही
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
जैसे ही जीडीए का दस्ता और पुलिस बल मौके पर पहुँचा, निर्माणकर्ताओं ने काम रोकने के लिए भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बनी रही। हालांकि, प्राधिकरण के पुलिस दस्ते और क्षेत्रीय पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और विरोध के बावजूद सीलिंग की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
अभियान रहेगा जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/two-cow-smugglers-caught-after-being-shot/
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआत है। शहर के नियोजित विकास में बाधा डालने वाले और सरकारी नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनी काटने या निर्माण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आगामी पूरे माह ध्वस्तीकरण और सीलिंग का यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन 08 का समस्त स्टाफ और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे असामाजिक तत्व कार्रवाई में बाधा न डाल सकें।
