गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने मंगलवार को सचिव राजेश कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएं।
कैलाश मानसरोवर भवन का निरीक्षण: सुचारु संचालन के लिए प्राधिकरण ने दिए तेज़ी से कदम बढ़ाने के निर्देश
निरीक्षण की शुरुआत इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से हुई, जिसे हाल ही में प्राधिकरण को हैंडओवर किया गया है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन के सुचारु संचालन हेतु एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ई.ओ.आई.) शीघ्र आमंत्रित किया जाए, ताकि रखरखाव और प्रबंधन को व्यवस्थित रूप से लागू किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब भवन की देखरेख प्राधिकरण स्तर से की जा रही है।
इसके बाद उपाध्यक्ष ने तुलसी निकेतन योजना का निरीक्षण कर भवनों की स्थिति और री-डेवलपमेंट योजना से जुड़ी संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि योजना के विकास में आधुनिक शहरी जरूरतों को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाई जाए।
रामायण थीम पार्क में तेजी लाने के निर्देश: सितंबर 2026 तक पूरा होगा भव्य प्रोजेक्ट, सफाई और अनसोल्ड भवनों पर भी फोकस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/gda-vice-president-inspects-koyal-enclave/
कोयल इन्क्लेव योजना में उन्होंने रामायण थीम पार्क के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्क का कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार और तय समयसीमा में पूरा किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि पार्क को सितंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्षेत्र में उन्होंने बहुमंजिला भवनों का भी निरीक्षण किया और अनसोल्ड भवनों के विक्रय व निस्तारण के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने पर भी बल दिया।
उपाध्यक्ष ने सिटी फॉरेस्ट (लंग्स ऑफ गाजियाबाद) का भी दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट का विकास जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उच्च गुणवत्ता मानकों पर किया जाए, ताकि यह शहरवासियों के लिए हरित और स्वास्थ्यप्रद वातावरण प्रदान कर सके।

इसी क्रम में उन्होंने छठ घाट पर चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि यह कार्य जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के अंत में उपाध्यक्ष ने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की सभी परियोजनाएं शहर के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परियोजना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि गाजियाबाद को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
