आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए गुरुवार को गोविन्दपुरम इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राधिकरण की टीम ने करीब 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से बनाए गए एक विशाल विवाह मण्डप (मैरिज होम) को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं ने जमकर हंगामा और विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली।
भारी विरोध के बीच चला पीला पंजा
जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी प्रवर्तन जोन-03 के नेतृत्व में मुकेश कुमार और उनकी टीम सदरपुर गाँव के खसरा संख्या 1600 (रोड नंबर 1, प्रीतम फार्म हाउस के पास) पहुंची। यहाँ बिना किसी स्वीकृति के लगभग 5000 वर्ग मीटर में भव्य विवाह मण्डप खड़ा कर लिया गया था। जैसे ही प्राधिकरण के बुलडोजर ने ढांचे को गिराना शुरू किया, स्थानीय निर्माणकर्ताओं और उनके समर्थकों ने कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया। स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और विरोध कर रहे लोगों को नियंत्रित कर ध्वस्तीकरण जारी रखा।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई काफी देर तक चली, जिसमें मैरिज होम के अवैध ढांचे को मलबे में तब्दील कर दिया गया। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, समस्त सुपरवाइजर, मेट के साथ साथ स्थानीय थाना पुलिस और प्राधिकरण का भारी पुलिस बल तैनात रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में कहीं भी बिना मानचित्र स्वीकृत कराए या अवैध रूप से किए गए निर्माणों को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी अन्य संपत्तियों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।
