70 बीघा में फैली अवैध कॉलोनी पर चला जीडीए का बुलडोजर, 100 से अधिक भूखंड ध्वस्त

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
GDA bulldozer runs on illegal colony spread over 70 bighas, more than 100 plots demolished IMAGE CREDIT TO AUTHORITY

गाज़ियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई सामने आई है। प्रवर्तन जोन-08 क्षेत्र में प्राधिकरण ने लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर व्यापक ध्वस्तीकरण किया। यह कार्रवाई विवेक विहार कॉलोनी एवं मिथिला नगर, राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने, चिरौड़ी रोड पर की गई, जहां बिना अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनी विकसित की जा रही थी।

अवैध प्लाटिंग पर प्राधिकरण का कड़ा फैसला: 100 भूखंडों की बाउंड्री वॉल और निर्माण ध्वस्त

ALSO READ:https://navbharattimes.indiatimes.com/state/uttar-pradesh/ghaziabad/ghaziabad-news-elderly-man-body-found-in-brave-hearts-society-flat-for-10-days/articleshow/126487279.cms

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से काटे गए करीब 100 भूखंडों की बाउंड्रीवॉल, विकासकर्ता का साइट ऑफिस, आंतरिक सड़कें एवं अन्य निर्माण पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों द्वारा यह कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं, उनके पास भूमि का वास्तविक स्वामित्व भी नहीं था, इसके बावजूद खुलेआम प्लॉटिंग कर आम जनता को गुमराह किया जा रहा था।

प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि इन दोनों अवैध कॉलोनियों में किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त अथवा भवन निर्माण पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि इसके बावजूद कोई व्यक्ति लेन-देन करता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी। ध्वस्तीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन-08 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण का पुलिस दस्ता तथा स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article
Leave a comment