शामली (शिखर समाचार)।
थाना कोतवाली शामली पुलिस ने झाड़-फूंक और ज्योतिष के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी कर बेचे गए आभूषणों की रकम 8 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक बैग, ज्योतिष संबंधी डिग्री, पत्रिका व ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं।
ठगी का तरीका और घटना
मामले के अनुसार मोहल्ला नया बाजार निवासी अशोक कुमार के घर 6 मार्च 2026 को आरोपियों ने पितृ दोष दूर करने के नाम पर पूजा पाठ कराया। इस दौरान उन्होंने करीब 125 से 130 ग्राम सोने के आभूषणों से भरी पोटली को चालाकी से नकली पोटली से बदल दिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली शामली में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल 2026 को चारों आरोपियों—राजेश उर्फ गंगाशरण, श्रीनिवास, भवानी शंकर और जतन—को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह की कार्यप्रणाली और क्षेत्रीय पकड़
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे खुद को ज्योतिषी बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। हाथ देखकर सही जानकारी देकर भरोसा बनाते और फिर पितृ दोष या अन्य बाधाओं का डर दिखाकर पूजा के नाम पर आभूषण एकत्र कर लेते थे। पूजा के दौरान ही असली आभूषणों को नकली पोटली से बदलकर फरार हो जाते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह शामली, मेरठ, गाजियाबाद, हरिद्वार, लखनऊ, आगरा, मथुरा, हापुड़ और जोधपुर सहित कई शहरों में इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस कार्रवाई और आमजन से चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सचिन कुमार शर्मा समेत पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं और झाड़-फूंक के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
