गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना लोनी के चिरोड़ी क्षेत्र में बीती 4 जनवरी 2026 को मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शव की पहचान आकाश के रूप में हुई थी। आकाश की हत्या उसके दोस्त चिंटू और बादल ने मफलर से गला दबाकर की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आलाक़त्ल मफलर भी बरामद किया है। वहीं पुलिस ने उनके पास से 4 पव्वे भी देशी शराब के बरामद किए। संवाददाता सम्मेलन में एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शव की सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था और शव की पहचान शुरू की गई थी। शव की पहचान आकाश के रूप में हुई थी, जिसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। हत्या का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया गया था। हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक और यह दोनों आपस में दोस्त थे। यह तीनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे और इसी दौरान इनके बीच विवाद हो गया, जिसमें इन्होंने मफलर से गला दबाकर आकाश की हत्या कर दी थी और शव को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। अभियुक्तों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन तीनों ने पहले ठेके से शराब खरीदी और फिर एक साथ पार्टी करने लगे। पार्टी के दौरान आकाश उन्हें गाली देते हुए मारने लगा। गुस्से में आकर उन दोनों ने मिलकर उसकी मफलर से गला दबाकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे।
