जेवर/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) भारतीय किसान यूनियन यूनिक के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जेवर स्थित विद्युत विभाग के अधिकारियों के कार्यालय को नोएडा स्थानांतरित किए जाने के फैसले के खिलाफ विरोध जताया। यूनियन पदाधिकारियों ने इस निर्णय से आमजन और किसानों को होने वाली कठिनाइयों को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग की।
ग्रामीण उपभोक्ताओं पर बढ़ेगी परेशानी, अब छोटी समस्याओं के लिए भी नोएडा की दौड़
यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव संजीव शर्मा ने कहा कि जेवर क्षेत्र के विद्युत विभाग के अधिकारियों का कार्यालय अब नोएडा शिफ्ट किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में विद्युत लाइनों के अनुसार कार्रवाई करने वाले अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर बैठेंगे। 33 केवी और 11 केवी विद्युत लाइनों से जुड़े अधिकारी भी विभिन्न सेक्टरों में तैनात किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसान और आम उपभोक्ता यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि अपनी समस्या लेकर किस अधिकारी और किस कार्यालय में जाएं। स्थिति यह है कि कई बार स्वयं विद्युत अधिकारी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
हजारों उपभोक्ताओं पर संकट, जेवर में ही कार्यालय बनाए रखने की मांग तेज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/police-commissioner-inspected-loni-police/
यूनियन का कहना है कि इस अव्यवस्थित प्रणाली से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता प्रभावित होंगे। इसलिए जेवर से विद्युत अधिकारियों के कार्यालयों को हटाने का निर्णय वापस लिया जाए और स्थानीय स्तर पर ही कार्यालय संचालित किए जाएं। साथ ही विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और यूनियन पदाधिकारियों के बीच बैठक कराकर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर महेश सिंह, राष्ट्रीय महासचिव संजीव शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नवाब कुरैशी, प्रदेश अध्यक्ष श्रीपाल भाटी सहित मास्टर धर्म सिंह, अनिल शर्मा, नीरज शर्मा, भोला पहलवान, सुनील चौधरी, विकास शर्मा और मास्टर प्रताप सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
