गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपनी योजनाओं की विस्तार से जानकारी कृषकों को दी गई। राम जतन मिश्र, उप कृषि निदेशक, गाजियाबाद द्वारा गत किसान दिवस की शिकायतों की अनुपालन आख्या का विस्तृत ब्योरा समस्त कृषकों के सम्मुख पढ़कर सुनाया गया, जिसमें गत किसान दिवस की शिकायतों के निस्तारण पर कृषकों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया। कुछ शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित जनपदीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण अतिशीघ्र कर कृषक एवं उप कृषि निदेशक गाजियाबाद को आख्या उपलब्ध करायें। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान निर्देशित किया कि आगामी किसान दिवस में परियोजना निदेशक, भाराराप्रा या प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। दुहाई ग्राम के पास हिसाली मार्ग पर टूटी हुई सड़क को ठीक कराने हेतु अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग करेंगें। चुड़ियाला ग्राम के पास मेरठ एक्सप्रेसवे पर टूटे हुए डाइवर्जन को अभियान चलाकर परियोजना निदेशक, भाराराप्रा द्वारा 15 दिवस में कार्य पूर्ण किया जाएं। अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग द्वारा मुरादनगर हरिद्वार कावड़ मार्ग पर भारी वाहनों को रोकने के लिए व्यवस्था का परीक्षण कर, आवश्यकतानुसार कार्यवाही कराये। अधिशासी अभियन्ता सिंचाई गाजियाबाद द्वारा अधिशासी अभियन्ता मेरठ गंगनहर समन्वय स्थापित कर तहसील मोदीनगर में राजवाहा की सफाई करायें। बैठक के दौरान किसानों द्वारा जिलाधिकारी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि महोदय आपके निर्देशन पर किसानों का गन्ना भुगतान हो पाया है, आपके द्वारा बैठक में त्वरित कार्यवाही से सभी शिकायतों को समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो रहा है। जिसके लिए हम सभी किसान आपको धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी बिजेन्द्र तोमर, राजवीर सिंह, छोटे चौधरी आदि कृषको द्वारा जिलाधिकारी को शिकायतो के संबंध में ज्ञापन सोपा गया। किसान दिवस में विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग, गन्ना विभाग, मत्सय विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रतिनिधि अपर नगर आयुक्त, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। किसान दिवस में लगभग 70 कृषकों तथा सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
