हापुड़ (शिखर समाचार)
आबकारी विभाग ने जनपद में अवैध बिक्री की आशंका को खत्म करने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.50 करोड़ रुपये मूल्य की कालबाधित बीयर व विदेशी मदिरा को बुल्डोजर चलाकर नष्ट कराया। यह कार्रवाई बुधवार सायं ओम किरण लॉजिस्टिक पार्क में विभागीय मानकों व विधिक प्रक्रिया के तहत संपन्न हुई।
आबकारी विभाग की कार्रवाई: 6,188 पेटी बीयर और 92 केग मदिरा नष्ट
ज़िला आबकारी अधिकारी प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि विभिन्न मामलों में जब्त की गई और वैधता अवधि पूरी कर चुकी मदिरा को नियमानुसार नष्ट किया गया। इस दौरान ओम किरण लॉजिस्टिक पार्क में संग्रहित 6,188 पेटी बीयर और 92 केग को पूरी तरह विनष्ट किया गया।
इसके अलावा हापुड़ स्थित थोक अनुज्ञापनधारी अपार रस्तोगी के प्रतिष्ठान से भी 31 पेटी विदेशी मदिरा तथा 23 पेटी कालबाधित बीयर को नष्ट किया गया। सभी मदिरा निर्धारित एक्सपायरी अवधि पार कर चुकी थीं। ज़िला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कालबाधित मदिरा का बाजार में पहुंचना जनस्वास्थ्य और कानून व्यवस्था दोनों के लिए खतरा है। इसी कारण विभाग द्वारा समय समय पर ऐसे स्टॉक की पहचान कर अनिवार्य विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि आगे भी जनपद में आबकारी नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
