हापुड़ में खुशियों की गूंज : 63 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 57 ने कबूल किया निकाह, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 120 जोड़ों का विवाह संपन्न

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Echo of joy in Hapur: 63 couples took the seven wedding vows, 57 couples solemnized their nikah. Under the Chief Minister’s Mass Marriage Scheme, the weddings of 120 couples were completed IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

हापुड़ (शिखर समाचार)
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को हापुड़ ब्लॉक प्रांगण में सौहार्द और उत्साह के माहौल में 120 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 63 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि 57 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह कबूल कर जीवन की नई शुरुआत की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

254 जोड़ों के सामूहिक विवाह के लिए मिली 1.27 करोड़ की मंज़ूरी—हर जोड़े को मिलेंगे 60 हज़ार सीधे खाते में, बाकी सुविधा के रूप में

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/a-family-returning-from-kainchi-dham-fell-into-a-ditch-killing-their-uncle-and-niece-injuring-six-others-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-779116-2025-12-11

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए शासन द्वारा जिले को 254 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य प्रदान किया गया है। इसी क्रम में सरकार की ओर से एक करोड़ 27 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 60 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में, 25 हजार रुपये सामग्री के रूप में तथा 15 हजार रुपये खान-पान पर व्यय किए जाते हैं।

हापुड़ में आयोजित इस आयोजन में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के चयनित जोड़ों ने सहभागिता की। हापुड़ ब्लॉक से 44, सिंभावली से 34, गढ़ क्षेत्र से 19 तथा धौलाना ब्लॉक से 23 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। प्रशासनिक टीम ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।

सामूहिक विवाह ने बढ़ाई सामाजिक एकता—विधायक बोले: योजना से मिलता है वास्तविक सहारा, सीडीओ ने गरिमामय आयोजन की पुष्टि की

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/elevator-fell-from-the-12th-floor-to-basement/

विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के कमजोर वर्गों को बड़ी राहत प्रदान करती है। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होता है, बल्कि सामाजिक एकता और सद्भाव भी मजबूत होता है। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम ने बताया कि विवाह पूरी गरिमा और परंपरा के साथ संपन्न कराए गए हैं और सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना सामाजिक समरसता की मिसाल है। उन्होंने नवयुगल को आपसी सम्मान और प्रेम के साथ जीवन आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों विधायक विजयपाल आढ़ती, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, ब्लॉक प्रमुख ममता तेवतिया, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम, समाज कल्याण अधिकारी शिवकुमार तथा संबंधित ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नवविवाहित जोड़ों के परिजन और रिश्तेदार भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा।

Share This Article
Leave a comment