गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार) प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस के अंतर्गत गढ़ कोतवाली में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर स्वयं कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट के साथ बैठकर फरियादियों की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं।
जनसुनवाई में कड़े निर्देश: हर शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित
जनसुनवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने भूमि विवाद, आपसी रंजिश, पारिवारिक कलह सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत दिलाना है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में अन्य विभागों का समन्वय आवश्यक है, उनमें तत्काल संबंधित विभागों से संपर्क कर कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादी को बार बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से फरियादियों में संतोष देखा गया और लोगों ने समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं।
