हापुड़ (शिखर समाचार) नगर के प्रतिष्ठित डीपीएस प्ले स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, सृजनात्मक और संस्कारयुक्त दिशा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के चलते डीपीएस प्ले स्कूल को शीर्ष स्तर शिक्षा सम्मान संस्करण चार के अंतर्गत श्रेष्ठ विद्यालय के खिताब से नवाजा गया है। यह सम्मान दिल्ली के शाहदरा स्थित मेस्सीना बैंक्वेट में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
भाग्यश्री के कर-कमलों से डीपीएस प्ले स्कूल सम्मानित, समारोह में जुटीं नामचीन हस्तियां
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री ने डीपीएस प्ले स्कूल को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में शिक्षा, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई जानी मानी हस्तियों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मोहित अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा अग्रवाल के कुशल नेतृत्व, अनुशासन और समर्पण को दिया।
डीपीएस प्ले स्कूल: शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास की मजबूत नींव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/young-farmer-returning-from-sugarcane/
उन्होंने बताया कि डीपीएस प्ले स्कूल में बच्चों की नींव को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जहां पढ़ाई के साथ साथ नैतिक मूल्यों, रचनात्मक गतिविधियों और आत्मविश्वास के विकास को भी प्राथमिकता दी जाती है। विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने डीपीएस प्ले स्कूल की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे हापुड़ जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। विद्यालय प्रबंधन ने भी भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में शिक्षा की गुणवत्ता को और ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
