घरेलू कलह बनी जानलेवा, बेटे पर मां की हत्या का आरोप, पुलिस ने लिया हिरासत में

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Domestic Dispute Turns Deadly: Mother Accuses Son of Murder, Police Take Him into Custody IMAGE CREDIT TO REPORTER

जेवर/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
जेवर क्षेत्र के गांव दयौरार में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे एक युवक पर अपनी मां पर लोहे की परात से हमला कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है। घटना से गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दयौरार निवासी कृष्ण कुमार (25 वर्ष) लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और उसका इलाज भी चल रहा था। बुधवार को घर में किसी बात को लेकर उसकी मां रुक्मिणी (55 वर्ष) से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने आवेश में आकर रसोई में रखी लोहे की परात उठाकर मां के सिर पर वार कर दिया। हमले में रुक्मिणी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन तुरंत उन्हें कस्बे के एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है।
कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात सामने आई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment