ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
जनपद गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी ने ग्राम घंघोला, तहसील सदर स्थित शिव साईं एचपी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, सुरक्षा तथा उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी प्रबंधन को दिए।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी परिसर में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के भंडार का भौतिक सत्यापन कराया गया। सिलेंडरों की संख्या और उनकी क्षमता की विस्तार से जांच की गई। इसके साथ ही एजेंसी में संधारित विभिन्न पंजिकाओं का अवलोकन कर उनके विधिवत रखरखाव की स्थिति का परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की भी जांच की और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जानकारी प्राप्त की। गोदाम प्रभारी के विलंब से पहुंचने तथा अन्य व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण कर उन्हें पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एजेंसी परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की अनुपस्थिति पर चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया कि सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक पुलिस बल तैनात कर निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा संबंधित अभिलेखों का सुरक्षित संधारण किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, एजेंसी प्रबंधक तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
वाणिज्यिक गैस सिलेंडर आपूर्ति के संबंध में दिशा निर्देश जारी
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस सिलेंडरों की आपूर्ति संबंधित गैस कंपनियों द्वारा एजेंसियों के माध्यम से निर्धारित मात्रा के 70 प्रतिशत तक की जा रही है।
उन्होंने व्यावसायिक उपभोक्ताओं एवं संस्थानों से कहा कि वे अपने पिछले वित्तीय वर्ष में उपयोग किए गए गैस सिलेंडरों का विवरण तथा पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस कनेक्शन के लिए किए गए आवेदन का प्रमाण संबंधित गैस कंपनी के विक्रय अधिकारी की ईमेल आईडी पर प्रेषित करें।
स्पष्ट किया गया कि 70 प्रतिशत तक की आपूर्ति केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी, जिन्होंने पाइपयुक्त प्राकृतिक गैस कनेक्शन हेतु आवेदन किया है।
