बिजनौर (शिखर समाचार)। नगर को कुपोषण की समस्या से मुक्त करने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। नगर पालिका के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बच्चों के स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण हेतु पोषण आहार किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें कुल 154 बच्चों को पौष्टिक आहार सामग्री उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी विकास कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अति कुपोषित श्रेणी के 35 बच्चों तथा मध्यम कुपोषित श्रेणी के 119 बच्चों को विशेष रूप से तैयार पोषण किट प्रदान की गई। वितरण के दौरान बच्चों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नगर को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए पालिका, स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग निरंतर समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगातार चलाए जा रहे अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और कई बच्चों के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुपोषण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। यदि सभी नागरिक जागरूक होकर सहयोग करें, तो नगर को पूर्ण रूप से कुपोषण मुक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण संबंधी जानकारी और संतुलित आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी, संदीप कुमार, एकीकृत बाल विकास सेवा योजना की पर्यवेक्षक, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि तथा नगर क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए इस तरह के कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
