मेरठ (शिखर समाचार)
नववर्ष 2026 के स्वागत के मद्देनजर मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने क्षेत्राधिकार के सभी जनपदों को कड़े और स्पष्ट दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। डीआईजी ने कहा है कि इस बार नववर्ष के अवसर पर किसी भी प्रकार की अराजकता, शराब के दुरुपयोग, अवैध पार्टी या नियमों के उल्लंघन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नववर्ष पर सुरक्षा सख्ती: डीआईजी ने अनाधिकृत पार्टियों पर कड़ा रुख अपनाया
डीआईजी ने निर्देश दिया कि सभी थानों को अपने ड्यूटी चार्ट तुरंत तैयार करना होगा और प्रमुख स्थलों पर राजपत्रित अधिकारी खुद भ्रमण करेंगे। नववर्ष की आड़ में बिना लाइसेंस पार्टी की अनुमति कतई नहीं दी जाएगी। यदि कोई ऐसा करता पाया गया, तो उसे कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्राधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी चौकी या थाना स्तर पर अनाधिकृत पार्टी आयोजित न हो और नियम विरुद्ध अनुमति न दी जाए। सभी थानों और चौकियों को इस संबंध में पूरी तरह जानकारी दी जाए।
जिलाधिकारी के समन्वय से किसी भी कार्यक्रम की प्रकृति और आयोजन स्तर की समीक्षा के बाद ही अनुमति प्रदान की जाएगी। आबकारी विभाग की अद्यतन सूची से बाहर कहीं भी शराब की बिक्री, भंडारण या वितरण नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफार्मों जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सऐप पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
नववर्ष पर ट्रैफिक और महिला सुरक्षा के लिए सख्त व्यवस्था: बढ़ाई जा रही पैदल गश्त और पेट्रोलिंग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/food-safety-department-started-a-campaign/
यातायात नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी। सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों, तिराहों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त यातायात कर्मी तैनात होंगे। नववर्ष कार्यक्रम स्थलों पर महिला सुरक्षा के दृष्टिगत महिला पुलिस बल की तैनाती, पैदल गश्त और पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाया जाएगा।
सभी कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और आपातकालीन निकास का इंतजाम रहेगा। होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, फार्म-हाउस, मैरिज हॉल और पंडालों की अग्रिम जाँच कर क्षमता से अधिक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा मानकों की पूर्व जाँच भी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। डीआईजी ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी भी उल्लंघन पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी। नववर्ष के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता, नियमविरुद्ध आयोजन या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ कसकर रोका जाएगा, और किसी भी दशा में इसे सहन नहीं किया जाएगा।
