बिजनौर (शिखर समाचार) धामपुर थाना पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गोकशी के आरोप में मची सनसनी: पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, हथियार समेत गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार 24/25 अक्टूबर की रात थाना क्षेत्र में गोकशी के अवशेष मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। उसी कड़ी में मंगलवार देर रात गोरा बादल चौकी क्षेत्र में पोशक नहर की पटरी पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बाइक से गुजरते दिखाई दिए। रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपियों को गोली लगने से घायलावस्था में पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने गोकशी की वारदात में संलिप्त होने की बात कबूल की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान धामपुर क्षेत्र के नींदडू गांव निवासी नौशाद, सुफियान और इकराम अहमद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों को उपचार हेतु अस्पताल भेजने के बाद पुनः विधिक कार्रवाई की जा रही है।
