बारिश के बावजूद आस्था अडिग : लिसड़ी दरगाई बसंत पंचमी मेले में उमड़े बीस हजार से अधिक श्रद्धालु

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Despite the rain, faith remains unshaken: Over 20,000 devotees throng the Lisadi Dargai Basant Panchami fair. IMAGE CREDIT MANDIR

गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)
गढ़मुक्तेश्वर तहसील के ब्लॉक सिंभावली अंतर्गत ग्राम लिसड़ी में स्थित दरगाई बाबा की समाधि पर आयोजित बसंत पंचमी मेले में इस वर्ष बीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंचकर हाजिरी लगाई। मौसम की मार के बावजूद श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी रहा। हालांकि बसंत पंचमी के दिन शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश के कारण मेले की रौनक कुछ फीकी पड़ी और अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुट सकी, लेकिन श्रद्धा और भक्ति भाव में किसी तरह की कमी नहीं दिखी।

बारिश ने भी नहीं रोका श्रद्धालुओं का आस्था का सैलाब, पुलिस-स्वयंसेवकों की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था रही मौजूद

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/two-innocent-children-died-in-separate-incidents-within-two-weeks-after-falling-into-a-drain-2026-01-23

स्थानीय लोगों के अनुसार इस बार मौसम अनुकूल रहने पर श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक हो सकती थी। बारिश के चलते विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं को मेला कम आकर्षक लगा, फिर भी श्रद्धालु बाबा की समाधि पर माथा टेकने और मन्नतें मांगने के लिए पहुंचते रहे। मेला परिसर में व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस बल और स्वयंसेवक पूरे समय मुस्तैद दिखाई दिए।

बसंत पंचमी के अवसर पर दरगाई बाबा की समाधि के महंत देवेश्वरानंद महाराज ने सुबह लगभग सात बजे बाबा की समाधि पर पहली चादर चढ़ाई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने चादर और प्रसाद अर्पित कर अपनी आस्था प्रकट की। मान्यता है कि यहां मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं, इसी विश्वास के साथ दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले की एक विशेष परंपरा यह भी है कि नवविवाहित जोड़े विवाह के समय पहने गए परिधानों में ही समाधि पर हाजिरी लगाने आते हैं।

मेले में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं और पार्किंग की सुचारु व्यवस्था, प्रशासन ने किया शानदार प्रबंध

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/after-noida-international-airport-large-scale/

मेले की तैयारियों के तहत मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम करने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। दिनभर श्रद्धालु आते रहे, दर्शन कर माथा टेकते रहे और लौटते रहे। वाहनों की सुचारु व्यवस्था के लिए समाधि के नाम दर्ज कृषि भूमि को पार्किंग हेतु खाली कराया गया। इसके अलावा मार्ग में पड़ने वाले कुछ खेतों को भी अस्थायी पार्किंग के रूप में प्रशासन द्वारा उपयोग में लिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने थाना प्रभारी सुरेश कुमार और एसएसआई संजय कुमार शर्मा मेला स्थल पर पहुंचे। उन्होंने महंत देवेश्वरानंद महाराज से बातचीत कर मेला मार्ग, वाहन पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था सहित अन्य इंतजामों का निरीक्षण किया। पुलिस प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बल की तैनाती की गई थी। मेला क्षेत्र में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, वहीं यातायात पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दरगाई मेले की व्यवस्थाओं में सुबोमुनि महाराज, पीतमदास, परमेश्वरानंद, भजनानंद महाराज सहित शिवम, बंटी, पप्पू, अमरीत सिंह, अनिल कुमार, नीरज, सोनू, राजेन्द्र, बिजेंद्र, गजेंद्र, सुनील, मोनू, अजीत सिंह, यशपाल सिंह और अजय समेत अनेक सेवादारों ने सक्रिय भूमिका निभाई। बारिश भले ही मेले की चमक को कुछ कम कर गई हो, लेकिन बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था पूरे मेले में साफ झलकती है।

Share This Article
Leave a comment