शामली (शिखर समाचार)।
आजाद अधिकार सेना के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में मुकदमों की निष्पक्ष जांच की मांग
शुक्रवार को दिए गए ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता अमिताभ ठाकुर ने अपने पूरे जीवन में भ्रष्टाचार, माफिया तंत्र और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ संघर्ष किया है। इसके बावजूद उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश में फर्जी, तथ्यहीन और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि देवरिया, धनबाद और वाराणसी में दर्ज मामलों में गिरफ्तारी, बार-बार वारंट जारी होने, जमानत में बाधा और न्यायिक प्रक्रिया की अनदेखी जैसी परिस्थितियां सामने आ रही हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि यह स्थिति भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों के विपरीत प्रतीत होती है।
सीबीआई या स्वतंत्र एजेंसी से उच्चस्तरीय जांच की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
ज्ञापन में मांग की गई कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच सीबीआई या किसी अन्य स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। साथ ही मौलिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करते हुए राज्य प्रशासन को निष्पक्ष और विधिसम्मत न्यायिक प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए जाएं।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो आजाद अधिकार सेना के पदाधिकारी और समर्थक दिल्ली में धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर प्रमोद कुमार, विनोद कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
