गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो अभियुक्त मोहम्मद राहिल और इमरान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन दोनों की निशानदेही पर 1795 रुपये नगद, 8 एटीएम, डेबिट व क्रेडिट कार्ड, 4 काली फंटी और 1 मोटरसाइकिल बरामद की। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बीती 13 अक्टूबर 2025 को सुहेल खान ने थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पर शिकायत दी थी कि पैरामाउंट मार्केट के इंडसइंड बैंक एटीएम में दो अज्ञात युवकों ने मदद के बहाने एटीम कार्ड बदल दिया था। युवकों ने कार्ड बदलकर व पिन कोड जानकर खाते से 44 हजार रुपये निकाल लिए थे।शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए, जिसके बाद इन दोनों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों ही बवाना दिल्ली के रहने वाले है और वहां से बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद में आकर एटीम बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम देते। दोनों को रिछपालगढ़ी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों अभियुक्त बुजुर्ग या नौशेखिए लोगों को निशाना बनाकर ठगी करते। ठगी करने के लिए एटीएम मशीन में काली फंटी लगा देते, जिससे कार्ड रीड नहीं हो और फिर मदद के बहाने कार्ड व पिन नंबर हासिल कर कार्ड बदल देते। उसके बाद दूसरे एटीएम या मॉल में कार्ड स्वाइप कर पैसे निकाल लेते।
