गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी बिहारीपुरा से बीती 19 जनवरी 2026 को चोरी हुई काले रंग की किआ सोनेट कार को पुलिस ने सफल कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। इस मामले में चार पहिया वाहन चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त कादिर को पुलिस ने चेकिंग के दौरान चित्रावन सोसायटी के पास गोल चक्कर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की गई किआ सोनेट कार के साथ-साथ टूटी हुई नंबर प्लेट और वाहन चोरी में प्रयुक्त पाइप रिंच भी बरामद किया है।
पुलिस ने विशेष टीम बनाकर किया खुलासा
संवाददाता सम्मेलन में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि वाहन चोरी की घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी क्रम में पुलिस टीम चित्रावन सोसायटी के पास चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध किआ सोनेट कार को रोका गया। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि यह वही वाहन है, जो कुछ दिन पहले आदर्श कॉलोनी बिहारीपुरा से चोरी हुआ था। मौके पर ही पुलिस ने वाहन चला रहे अभियुक्त कादिर को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त कादिर शातिर वाहन चोर है, जिसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में चार पहिया वाहन चोरी के करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में नोएडा, फिरोजाबाद, आगरा और इलाहाबाद समेत कई जनपदों से जेल जा चुका है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह फिरोजाबाद का मूल निवासी है और वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर में किराए पर रहता था। कुछ दिन पूर्व आगरा जेल से रिहा होने के बाद पैसों की तंगी के चलते वह दोबारा अपराध की राह पर लौट आया। उसने पाइप रिंच की मदद से आदर्श कॉलोनी के पास खड़ी किआ सोनेट कार चोरी की और पुलिस से बचने के लिए नंबर प्लेट हटा दी थी। वाहन बेचने की फिराक में घूम रहा था, इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
