मृत पशुओं के अवशेषों से भरा ट्रक पकड़ने पर गो रक्षा दल का आक्रोश, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Cow protection team angry over catching a truck full of dead animal remains, police took charge IMAGE CREDIT TO POLICE

जेवर/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) कस्बे के टप्पल मार्ग पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने दुर्गंध के आधार पर एक संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। ट्रक में मृत पशुओं के अवशेष भरे होने की आशंका जताते हुए कार्यकर्ताओं ने मौके पर जोरदार विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

भारी वाहन से बदबू ने मचाया हड़कंप, गो-रक्षा दल ने रोका ट्रक

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/security-guard-injured-in-bike-collision-fractured-bone-ghaziabad-news-c-198-1-gbd1023-14328-2026-01-12?src=top-subnav

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर लगभग तीन बजे हामिदपुर की ओर से जेवर की दिशा में आ रहे एक भारी वाहन से तेज बदबू आ रही थी। इसी दौरान गो रक्षा दल के कुछ सदस्य वहां से गुजर रहे थे। दुर्गंध के कारण उन्हें संदेह हुआ तो उन्होंने वाहन का पीछा किया और जैन इंटर कॉलेज के समीप टप्पल मार्ग पर ट्रक को रुकवा लिया। ट्रक के रुकते ही आसपास भीड़ जमा हो गई और कार्यकर्ताओं ने प्रतिबंधित पशु के अवशेष होने की आशंका जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदे अवशेषों के नमूने एकत्र किए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद गो रक्षा दल के कार्यकर्ता शांत हुए। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक ट्रक को सीज कर दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment