कांधला/शामली (शिखर समाचार)। थाना क्षेत्र के गांव ढुढार स्थित बिजली घर पर तैनात एक संविदा लाइनमैन को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी पर एक ग्रामीण से मीटर लगाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
मीटर लगवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला
गांव ढुढार निवासी शिवम ने बताया कि उसने अपना बकाया बिजली बिल जमा कर दिया था और नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए मीटर लगवाना चाहता था। इसी दौरान बिजली घर में तैनात संविदा लाइनमैन रामबीर सिंह, निवासी गढ़ी रामकौर ने मीटर लगाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। आरोप है कि पैसे न देने पर काम न करने की धमकी भी दी गई।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिवम ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया और अपने मोबाइल में रिकॉर्ड की गई ऑडियो भी टीम को उपलब्ध कराई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने ढुढार बिजली घर पर दबिश दी। जैसे ही रामबीर सिंह ने ग्रामीण से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
टीम आरोपी को गिरफ्तार कर थाना कांधला पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
