गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
आईएमएस गाजियाबाद में एंटरप्रेन्योरशिप सेल (ई सेल) एवं गाजियाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2026 का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उद्यमिता के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
सरस्वती पूजन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के जनरल सेक्रेटरी राकेश छारिया, मुख्य अतिथि प्रभात रंजन (मेड टेक विशेषज्ञ), मनीष गुप्ता (सीईओ एवं सह संस्थापक, हैलीक), अशोक अग्रवाल (पर्सनल ब्रांडिंग विशेषज्ञ), संस्थान की निदेशक जसकिरण कौर एवं अकादमिक डीन गीति शर्मा द्वारा सरस्वती प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम “इनोवेट, इम्प्लीमेंट, इन्फ्लुएंस” रही। इसमें दिल्ली, लखीमपुर खीरी, उत्तराखंड, सुल्तानपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, बरेली, नोएडा, बिहार और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से 350 से अधिक प्रतिभागियों एवं उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर ई-सेल की वार्षिक स्मारिका का भी लोकार्पण किया गया।
स्टार्टअप गतिविधियों में दिखा नवाचार का दम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कॉन्क्लेव को चार प्रमुख गतिविधियों—बिजनेस प्लान (पिच योर प्लान), एन वेंचर, बिज्जनीति एवं स्टार्टअप एक्सपो—में विभाजित किया गया। स्टार्टअप क्लिनिक में प्रतिभागियों ने अपने व्यावसायिक विचार एवं समाधान प्रस्तुत किए, जबकि स्टार्टअप एक्सपो में पंजीकृत स्टार्टअप्स का प्रदर्शन किया गया। बिज्जनीति के अंतर्गत प्रतिभागियों ने वर्चुअल उत्पाद एवं मुद्रा के माध्यम से अपनी व्यावसायिक रणनीतियों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्रों को नवाचार एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो अपने विचारों पर विश्वास रखते हैं और निरंतर प्रयास करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनौतियां व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं और असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
पैनल डिस्कशन और विशेषज्ञों की राय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
कॉन्क्लेव में पैनल डिस्कशन सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसका विषय “स्टार्टअप इकोसिस्टम: व्हिच एनेबल्स” रहा। इसमें चेतन सचदेवा (वाइस प्रेसिडेंट, फर्स्ट पार्टनर), श्वेतांक शर्मा (माइक्रोसॉफ्ट टेक्निकल कंसलटेंट), राशि गर्ग (संस्थापक, शी विल) एवं अभिषेक अग्रवाल (संस्थापक, ग्रीवा कैपिटल) ने अपने विचार साझा किए।
संस्थान की निदेशक जसकिरण कौर ने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन सकता है। सही दिशा, ज्ञान और आत्मविश्वास के साथ हर छात्र एक सफल उद्यमी बन सकता है। समापन समारोह में गाजियाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन से राहुल अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सुरभि जौहरी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
