गाजियाबाद (शिखर समाचार)। सीएमग्रिड फेस-2 के कार्यों का मंगलवार को शुभारंभ हो गया है। कार्यों के तहत इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी के वार्डों व मुख्य मार्गो को व्यवस्थित किया जाएगा, जिसमें प्रमुख 6 मार्गो को नया स्वरूप दिया जाएगा। इंदिरापुरम के 7 वार्ड, वैशाली के 3 वार्ड तथा कौशांबी क्षेत्र के 2 वार्डों को जोड़ते हुए मुख्य मार्गो को नई पहचान दी जाएगी। लगभग 16.20 किलोमीटर सड़क सुधार करते हुए जनहित में कार्य कराया जाएगा, जिसका शिलान्यास उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा व महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में नारियल फोड़कर एवं रिबन काटकर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की उपस्थिति में किया गया। वहीं निगम अधिकारियों को तेजी से कार्य प्रारंभ करने के लिए निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि शासन की योजना के क्रम में सीएमग्रिड फेस-2 के अंतर्गत 6 प्रमुख मार्गो को नया स्वरूप देने का कार्य निगम द्वारा किया जाएगा, जिसमें इंदिरापुरम क्षेत्र के अंतर्गत कावेरी मार्ग काला पत्थर रोड को पूर्ण रूप से व्यवस्थित किया जाएगा।बालाजी मंदिर से लेकर नेशनल हाईवे-9 से काला पत्थर रोड तक 102 करोड़ 25 लाख से मार्ग को नया स्वरूप दिया जाएगा, जिसकी लंबाई 4.31 किलोमीटर है। इसी अलावा इंदिरापुरम क्षेत्र के सुशीला नैयर मार्ग 27 करोड़ 78 लाख से 1.8 किलोमीटर, कस्तूरबा गांधी रोड होते हुए शहीद कैप्टन मनोज पांडे मार्ग तक 30 करोड़ 58 लाख से 1.83 किलोमीटर, देवेंद्र सिंह जस मार्ग रोड को काला पत्थर रोड तक 16 करोड़ 89 लाख से 1.13 किलोमीटर तक पूर्ण रूप से व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे इंदिरापुरम क्षेत्र वासियों को लाभ मिलेगा इंदिरापुरम के 7 वार्ड के मुख्य मार्गो को इसमें शामिल किया गया है। वैशाली के तीन वार्डों के मुख्य मार्गो को भी इस योजना में शामिल किया गया है, जिसके अंतर्गत हर्षवर्धन मार्ग, धर्म मार्ग, वैशाली सेक्टर 4 और 5 के प्रमुख मार्ग को शामिल किया गया है, जिसकी लंबाई लगभग 4.55 किलोमीटर है, जिसको लगभग 70 करोड़ 84 लाख की लागत से बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त कौशांबी क्षेत्र के दो वार्ड योजना में शामिल किए गए है, जिनमें प्रमुख मार्गो को भी पूर्ण रूप से सुधार करते हुए सुंदर रूप दिया जाएगा, जिसमें डाबर चौक से होते हुए चौधरी चरण सिंह मार्ग कौशांबी बस स्टैंड तथा ईडीएम मॉल के पीछे का रोड लिया गया है, जो की 59 करोड़ 13 लाख की लागत से बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई 2.58 किलोमीटर है। नगर आयुक्त ने उपस्थित क्षेत्र वासियों तथा पार्षदों को शुभकामनाएं दी। महापौर सुनीता दयाल ने नगर आयुक्त के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों को लेकर निर्माण विभाग टीम की प्रशंसा की तथा सीएमग्रिड के अंतर्गत इंदिरापुरम क्षेत्र में बड़ी योजना लाने के लिए मुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री का धन्यवाद कर निगम टीम का उत्साह वर्धन किया। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि इंदिरापुरम सहित वसुंधरा जोन के वैशाली और कौशांबी के वार्डों के प्रमुख मार्गों पर सीएमग्रिड फेस-2 के अंतर्गत कार्य प्रारंभ से पूर्व शिलान्यास का कार्यक्रम कराया गया। उक्त मार्गों का स्वरूप पूर्ण रूप से बदला जाएगा। सड़कों पर दिखाई देने वाले ओवरहेड लाइन को अंडरग्राउंड किया जाएगा, जिसमें इलेक्ट्रिक लाइन फाइबर लाइन गैस पाइपलाइन, वाटर लाइन को भी अंडरग्राउंड किया जाएगा।

