ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) कार्यालय में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित परिवारों के बच्चों को रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के चेयरमैन राकेश कुमार सिंह, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रभावित किसानों के बच्चों को रोजगार देना अधिकार: धीरेन्द्र सिंह
बैठक के दौरान जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन कृषक परिवारों ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीन दी है, उनके बच्चों को रोजगार उपलब्ध कराना किसी प्रकार का उपकार नहीं बल्कि उनका वैधानिक और नैतिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी एयरपोर्ट निर्माण करने वाली कंपनी और सरकार दोनों की है कि प्रभावित परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए।
विकास के लिए जमीन देने वाले किसानों को मिले प्राथमिकता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर क्षेत्र के किसानों ने प्रदेश और देश के विकास के लिए अपनी बहुमूल्य भूमि दी है, इसलिए यह जरूरी है कि उनके परिवारों के युवाओं को एयरपोर्ट और उससे जुड़ी परियोजनाओं में स्थानीय प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के अवसर मिलें।
जल्द सामने आएगा ठोस निर्णय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/maruti-van-caught-fire-due-to-short-circuit/
उन्होंने बताया कि इस विषय पर संबंधित अधिकारियों के साथ अंतिम चरण की सकारात्मक वार्ता हो चुकी है और जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय सामने आने की उम्मीद है, जिससे प्रभावित परिवारों के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित हो सकें।
जेवर विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि जेवर क्षेत्र के किसान और उनके परिवार विकास की इस ऐतिहासिक परियोजना के वास्तविक भागीदार बनें, जिससे क्षेत्र में समृद्धि और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
