नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)। क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब घर से लापता 22 वर्षीय युवक का शव कालाखेड़ी मार्ग स्थित एक निर्माणाधीन पानी की टंकी पर रस्सी से लटका मिला। मौके से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें युवक ने स्वेच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। मोहल्ला लाल सराय पुलिस चौकी के समीप रहने वाला नावेद सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे घर से लापता हो गया था। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
मंगलवार सुबह कालाखेड़ी रोड स्थित आईटीआई के सामने
मंगलवार सुबह कालाखेड़ी रोड स्थित आईटीआई के सामने निर्माणाधीन पानी की टंकी पर एक युवक का शव रस्सी से लटका देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसमें कालाखेड़ी गांव और आजाद कॉलोनी लाइनपार के सैकड़ों लोग शामिल थे। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन टंकी की अधिक ऊंचाई होने के कारण स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान नावेद के रूप में हुई। वार्ड सभासद सिद्दीक मुलतानी के अनुसार, मृतक बिजली का कारीगर था और मुंबई में कार्य करता था। वह ईद मनाने के लिए अपने घर आया हुआ था। सोमवार शाम से लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि युवक का शव टंकी पर रस्सी से लटका मिला है। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी इच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

